रॉयल एनफील्ड बाइक्स ऑनलाइन: फ्लिपकार्ट बिग बिलियन डे सेल में ये 350-सीसी बाइक्स शामिल होंगी

रॉयल एनफील्ड बाइक्स ऑनलाइन: फ्लिपकार्ट बिग बिलियन डे सेल में ये 350-सीसी बाइक्स शामिल होंगी

रॉयल एनफील्ड बाइक्स अब ग्राहकों के लिए सिर्फ एक क्लिक दूर होंगी, क्योंकि कंपनी ने Flipkart के साथ बिग बिलियन डे सेल से पहले एक महत्वपूर्ण साझेदारी की है। Eicher Motors Ltd., जो रॉयल एनफील्ड की पेरेंट कंपनी है, ने एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी पुष्टि की है।

इस समझौते के तहत, रॉयल एनफील्ड की पूरी 350-सीसी मॉडल रेंज 22 सितंबर से फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध होगी, उसी दिन जब जीएसटी में कटौती के नए दाम लागू होंगे।

इसका मतलब है कि ग्राहक Big Billion Day Sale के दौरान फ्लिपकार्ट पर रॉयल एनफील्ड की बाइक्स ऑर्डर कर सकते हैं और खरीद भी सकते हैं। इस बिक्री में iPhone 16 सीरीज़ भी आकर्षक छूट के साथ उपलब्ध होगी।

यह पहली बार होगा जब रॉयल एनफील्ड अपनी मोटरसाइकिल्स को ऑनलाइन बेचेगी। कंपनी फ्लिपकार्ट के ज़रिए बुलेट 350, क्लासिक 350, हंटर 350, गोअन क्लासिक 350 और नया मेटेओर 350 जैसे मॉडल्स की बिक्री करेगी।

फिलहाल यह सुविधा बेंगलुरु, गुरुग्राम, कोलकाता, लखनऊ और मुंबई के ग्राहकों के लिए है, जो लचीले पेमेंट विकल्पों और पूरे जीएसटी लाभ के साथ इन मॉडलों की खरीदारी कर सकते हैं।

रॉयल एनफील्ड का कहना है कि इस पार्टनरशिप का मकसद उनकी बाइक्स को ज़्यादा लोगों तक पहुँचाना है, खासतौर पर ऐसे समय में जब भारत का कंज़्यूमर बेस तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट हो रहा है।

Eicher Motors Ltd. के मैनेजिंग डायरेक्टर और रॉयल एनफील्ड के CEO बी. गोविंदराजन ने कहा - “हमारा लक्ष्य हमेशा से मोटरसाइकिल चलाने का अनुभव ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना रहा है। Flipkart के साथ साझेदारी हमें आज के डिजिटल-फर्स्ट ग्राहकों तक आसान और सुविधाजनक तरीके से पहुंचने का मौका देती है, जिससे वे ऑनलाइन अपनी बाइक्स एक्सप्लोर और खरीद सकते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल यह सुविधा पांच शहरों में है और जल्द ही अन्य शहरों में भी होगी। कंपनी खरीददारी के सफर को लचीला और सुविधाजनक बनाते हुए अंतिम हैंडओवर अपने अधिकृत डीलर पार्टनर्स के ज़रिए करेगी, जिससे ग्राहक को हर बार Royal Enfield का पर्सनल और शानदार अनुभव मिल सके।