दिवाली-छठ पर यूपी, बिहार, बंगाल जाने वाली ट्रेनें फुल, वेटिंग टिकट भी नहीं

दिवाली-छठ पर यूपी, बिहार, बंगाल जाने वाली ट्रेनें फुल, वेटिंग टिकट भी नहीं


गुरुग्राम, 5 अक्टूबर 2025: दिवाली और छठ के त्योहार की वजह से यूपी, बिहार और बंगाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में अभूतपूर्व भीड़ देखी जा रही है। 17 से 25 अक्टूबर के बीच चलने वाली करीब 15 ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहे हैं। यात्रियों को जनरल डिब्बों या बसों की ओर रुख करना पड़ रहा है। तत्काल टिकट का विकल्प भी बेहद कठिन साबित हो रहा है।

गुड़गांव रेलवे स्टेशन से इन राज्यों के लिए सीधी ट्रेनें बेहद कम चलती हैं, जिस कारण ज्यादातर यात्री दिल्ली से रिजर्वेशन कराते हैं। चिंता की बात यह है कि दिल्ली से भी अधिकांश ट्रेनों में सीटें पूरी तरह फुल हैं।

गुड़गांव से होकर गुजरने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों में भी वेटिंग टिकट की उपलब्धता खत्म हो चुकी है। त्योहारों के दौरान चलने वाली इन 15 ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी में “रिग्रेट” की स्थिति बनी हुई है। यानी कोई भी टिकट उपलब्ध नहीं है।

कुछ ट्रेनों में “नो रूम” न हुआ हो, उनकी वेटिंग लिस्ट इतनी लंबी है कि टिकट कन्फर्म हो पाना बेहद मुश्किल है। बहुत से यात्री स्टेशन पर ट्रेन आने से 24 घंटे पहले मिलने वाली तत्काल टिकट का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन तत्काल टिकट भी आसानी से मिलना संभव नहीं लग रहा है, क्योंकि भारी भीड़ के कारण सभी टिकट जल्दी ही बुक हो जा रहे हैं।

बिहार और बंगाल जाने वाली ट्रेनों में स्थिति सबसे खराब है—इन ट्रेनों के किसी भी कोच में कोई भी वेटिंग टिकट नहीं है और सभी में “रिग्रेट” लिखा हुआ आ रहा है।

15 से 21 अक्टूबर तक ट्रेन बुकिंग की स्थिति:

तिथि ट्रेन स्लीपर थर्ड एसी सेकेंड एसी प्रथम एसी
17 अक्टूबर साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट कोच नहीं
17 अक्टूबर पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट
17 अक्टूबर जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल 102 45 28 कोच नहीं
18 अक्टूबर उदयपुर-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट कोच नहीं
18 अक्टूबर पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट
18 अक्टूबर दुराई-टनकपुर एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट 9
20 अक्टूबर गरीब नवाज एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट 15 4
21 अक्टूबर गरीब नवाज एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट 7
21 अक्टूबर साबरमती-सुल्तानपुर एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट 9 कोच नहीं
22 अक्टूबर भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट
23 अक्टूबर बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस रिग्रेट 68 रिग्रेट 4
23 अक्टूबर गरीब नवाज एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट 5
24 अक्टूबर साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट कोच नहीं
24 अक्टूबर पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट
25 अक्टूबर पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट रिग्रेट

स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग:
टिकट संकट को देखते हुए यात्री गुरुग्राम से यूपी, बिहार, बंगाल व अन्य राज्यों के लिए खास दिनों में स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल ऑनलाइन साइट पर केवल एक ही स्पेशल ट्रेन दिख रही है, जो 17 अक्टूबर को जोधपुर से गोरखपुर के लिए रवाना होगी। यह दिवाली से काफी पहले है, जिससे नौकरीपेशा लोगों को इसका लाभ नहीं मिलेगा।

लोगों ने कहा कि 19, 20 अक्टूबर और छठ पूजा से पूर्व स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं, जिससे त्योहार पर घर पहुँचने में लोगों को राहत मिले। टिकट नहीं मिलने से मजबूरी में डग्गामार वाहनों या बसों का सहारा लेना पड़ सकता है।