अमित शाह का ऐलान- देश में होगी ई-जनगणना

अमित शाह का ऐलान- देश में होगी ई-जनगणना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि देश में अगली जनगणना -जनगणना होगी। यह अगले 25 साल के लिए विकास संबंधी नीतियों को आकार देगी। उन्होंने कहा कि 2024 तक देश में सभी जन्म और मृत्यु को जनगणना से जोड़ दिया जाएगा जो अपने आप अपडेट होता रहेगा। कोरोना महामारी के चलते जनगणना प्रक्रिया में देरी हुई है।अमिनगांव में जनगणना कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि 100 प्रतिशत सटीक गणना सुनिश्चित करने के लिए जनगणना प्रक्रिया का डिजिटलीकरण किया गया है। कई पहलुओं के चलते जनगणना जरूरी है। आबादी को लेकर संवेदनशील असम जैसे राज्यों के लिए तो यह और भी अहम है।

नाम/पता परिवर्तन आसान होगा

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 तक जन्म और मृत्यु रजिस्टर को जनगणना से जोड़ा जाएगा। हर जन्म और मृत्यु को पंजीकृत किया जाएगा, जिसका अर्थ है कि हमारी जनगणना अपने आप अपडेट हो जाएगी। जन्म के बाद विवरण जनगणना रजिस्टर में जोड़ा जाएगा, 18 वर्ष के होने के बाद नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा और मृत्यु के बाद नाम हटा दिया जाएगा। नाम/पता परिवर्तन आसान होगा।